दो लाख रुपये के इनामी बदमाश धर्मेंद्र सिंह ने बड़हलगंज, मऊ के रहने वाले चार डॉक्टरों से 60 लाख रुपये रंगदारी मांगी है। रुपये न मिलने पर उसने जान से मारने की धमकी दी है। एक डॉक्टर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने डॉक्टरों के घर, उनके नर्सिंग होम की सुरक्षा बढ़ा दी है। बड़हलगंज पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम मामले की छानबीन कर रही है।
बड़हलगंज प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के रहने वाले डॉ. संजय कुमार कस्बे में रामधनी मेमोरियल हास्पिटल चलाते हैं। 10 मई की सुबह 10:48 बजे उनके मोबाइल पर 9170417224 नंबर से फोन आया। कॉल रिसीव करने पर दूसरी तरफ से बात करने वाले युवक ने अपना नाम धर्मेंद्र सिंह बताया। खुद के आजमगढ़ में होने की जानकारी देते हुए उसने डॉक्टर से 20 लाख रुपये रंगदारी मांगी। रुपये न मिलने और घटना की शिकायत पुलिस से करने पर धर्मेंद्र ने जान से मारने की धमकी भी दी।
इसके अलावा धर्मेंद्र ने कस्बे में आब्दी नर्सिंग चलाने वाले जौनपुर निवासी डॉ. शमीम आब्दी से 20 लाख, रामरती हास्पिटल के संचालक मऊ, घोषी के रहने वाले डॉ. एचएन सिंह पेटल और बड़हलगंज सीएचसी में तैनात डॉ. शिवमुनि गौड़ से 10-10 लाख रुपये रंगदारी मांगी है। डॉ शिवमुनि कस्बे में प्राइवेट अस्पताल भी चलाते हैं। डॉ. संजय की तहरीर पर बड़हलगंज पुलिस ने धर्मेंद्र सिंह पर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है।
इनसेट
चुनाव लड़ चुके हैं डॉक्टर संजय और एचएन पटेल
डॉ. संजय कुमार 2014 में बांसगांव लोकसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। वह दो साल से राजनीति में सक्रिय हैं। इसके अलावा मऊ, घोषी के रहने वाले डॉ. एचएन सिंह पटेल वर्ष 2012 में भाजपा के टिकट पर मधुबन विधानसभा क्षेत्र से विधायक का चुनाव लड़ चुके हैं।
इनसेट
चाचा-भतीजे और ठेकेदार की हत्या में है वांछित
धर्मेंद्र सिंह मार्च 2015 में सर्राफ से लूट की फिराक मेें बड़हलगंज कस्बे में आया था। नाकाम होने और पुलिस के पीछा करने पर वह सरेराह गोली मारकर चाचा -भतीजे की हत्या करने के बाद राहगीर की बाइक लूटकर साथियों के साथ फरार हो गया था। छह महीने बाद खोराबार के तारामंडल में उसने सिकरीगंज के रहने वाले ठेकेदार दारा जायसवाल पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। उसके ऊपर एक दर्जन से अधिक मुकदमे हैं।