रेलवे भर्ती बोर्ड की आनलाइन परीक्षा में नकल करते पकड़े गए अभ्यर्थी को रविवार सुबह मुचलके पर छोड़ दिया गया। उसे लेने आए उसके बड़े भाई ने उसे बेगुनाह बताते हुए झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया है। पकड़े गए अभ्यर्थी का बड़ा भाई दिल्ली पुलिस में दरोगा है।
बता दें कि बागपत, बड़ौत के रहने वाले विनीत मान को शनिवार को सविल लाइंस, हरिकृपा बिल्डिंग में स्थित माधव इंफोटिक सेंटर में आरआरबी की परीक्षा में नकल करते हुए पकड़ा गया था। सेंटर प्रभारी आलोक कुमार ने उसे कान में ब्लूटूथ लगाकर सवालों का जवाब पूछते हुए पाया था। कैंट पुलिस ने उसके खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।
इंस्पेक्टर कैंट राजीव सिंह ने बताया कि जमानतीय अपराध होने के कारण विनीत मान को मुचलके पर छोड़ दिया गया। दिल्ली पुलिस में दरोगा के पद पर तैनात विनीत का बड़ा बड़ा भाई रविवार सुबह थाने पहुंचा। मुचलका भरने के बाद वह उसे दोपहर में साथ लेकर चला गया।