एटीएम से रुपये निकालने में मदद करने के बहाने जालसाज ने युवक का कार्ड बदलकर उसके खाते से 70 हजार रुपये निकाल लिए। बहन का एटीएम कार्ड लेकर युवक रुपये निकालने आया था। घटना की जानकारी के बाद शनिवार को पीड़ित ने गगहा थाने में तहरीर दी। बृहस्पतिवार की रात दाउदपुर में रहने वाली महिला से फोन पर खाते की डिटेल लेने के बाद जालसाज ने 25 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।
गगहा प्रतिनिधि के अनुसार सिहाइजपार के रहने वाले धर्मेंद्र की थाने के पास बिल्डिंग मैटीरियल्स की दुकान है। 70 हजार रुपये की जरूरत होने पर तीन दिन पहले वह मझगांवा में रहने वाली बहन गीता से रुपये उधार मांगने गया था। कैश न होने की बात कहकर गीता ने उसे अपना एटीएम कार्ड दे दिया। गगहा में स्थित एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे धर्मेंद्र ने रुपये निकालने के दौरान पीछे खड़े युवक की मदद ली थी। मदद के दौरान ही युवक ने कार्ड बदल लिया। सर्वर डाउन होने के कारण रुपये न निकलने की बात कहकर उसने धर्मेंद्र को लौटा दिया। जालसाज ने गाजीपुर की दो एटीएम से चार बार में 10 -10 हजार रुपये निकालने के साथ ही 30 हजार रुपये बड़हलगंज निवासी सूरज नाम के युवक के खाते में स्थानांतरित कर दिया।
छानबीन में पता चला कि जालसाज ने सूरज का एटीएम कार्ड भी झांसा देकर बदल दिया था। शनिवार को थाने पहुंचे धर्मेद्र ने तहरीर दी। गगहा पुलिस छानबीन कर रही है। दाउदपुर की रहने वाली शैलजा श्रीवास्तव के मोबाइल फोन पर बृहस्पतिवार की रात अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले युवक ने अपना नाम रोहित बताते हुए पीएनबी की मुंबई ब्रांच से बोलने की बात कहकर खाते की डिटेल ली। एक घंटे बाद खाते से 25 हजार रुपये की निकासी होने का मैसेज मोबाइल फोन पर आने के बाद शैलजा ने सूचना पुलिस को दी। जालसाजी, आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर कैंट पुलिस छानबीन कर रही है।