पूर्व मंत्री जितेंद्र कुमार जायसवाल उर्फ पप्पू पर जेल से धमकी देने का मुकदमा दर्ज हुआ है। कैम्पियरगंज से चुनाव की तैयारी कर रहे दिनेश निषाद की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
चिलुआताल इलाके के शास्त्री नगर मोहल्ले के दिनेश निषाद कैंपियरगंज विधान सभा क्षेत्र से विधान सभा का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। आरोप है कि चिलुआताल के चिऊटहां पुल के पास लगी उनकी होर्डिंग को 24 नवंबर की रात तोड़कर एक पूर्व मंत्री और उनकी पत्नी की होर्डिग लगा दी गई। उन्होंने जब उलाहना दी तो उन्हें अपशब्द कहे गए। दिनेश ने आरोप लगाया कि इस मामले में शुक्रवार को उन्हें जानमाल की भी धमकी मिली।
जेल में बंद एक पूर्व मंत्री ने उनके मोबाइल पर फोन किया और धमकाते हुए कहा कि चुनाव लड़ने पर अंजाम भुगतना होगा। दिनेश ने धमकी की शिकायत चिलुआताल पुलिस से की। पिपराइच की सपा विधायक राजमती निषाद के नजदीकी रिश्तेदार को धमकी मिलने की सूचना पर पुलिस हरकत में आ गई। पूर्व मंत्री, उनकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
दिनेश ने पूर्व मंत्री द्वारा जेल से धमकी दिए जाने की तहरीर दी है। मामले की जांच कराके कार्रवाई की जाएगी। कॉल डिटेल से सच्चाई सामने आ जाएगी।
- हेमराज मीणा, एसपी सिटी