गोरखपुर। पिपराइच की घटना के बाद शुक्रवार को पूरे जिले में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने कच्ची शराब के ठिकानों पर दबिश दी। गगहा, चौरीचौरा और हरपुर बुदहट में ईंट भट्टे पर कच्ची शराब मिलने पर पुलिस ने मालिक पर केस दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया।
अभियान के दौरान जिले में 85 स्थानों पर दबिश देकर 1560 लीटर कच्ची शराब के साथ 59 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
दोपहर एक बजे एसओ गगहा अजय ओझा ने गोबरहिया मोड़ पर स्थित जय सिंह के ईट भट्टे पर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही धंधेबाज भाग निकले। भट्टी तोड़ने के साथ ही पुलिस ने 50 लीटर कच्ची शराब बरामद की। मौके पर मिले जय सिंह को धंधेबाजों को सह देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
चौरीचौरा पुलिस ने बघाड़ गांव में ब्रह्मपुर के पूर्व ब्लाक प्रमुख केशव यादव के ईंट भट्टा से 400 लीटर कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही भारी मात्रा में लहन नष्ट किया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान भट्टे पर भगदड़ मच गई जिसमें एक महिला मजदूर घायल हो गई। पुलिस ने मौके पर पकड़े गए एक धंधेबाज के साथ ही पूर्व ब्लाक प्रमुख और उनके मुनीम पर भी अपमिश्रण के तहत केस दर्ज किया।
उधर, हरपुर बुदहट पुलिस ने समदा गांव में स्थित अनीष तिवारी के ईट भट्टे पर दबिश देकर 100 लीटर कच्ची शराब बरामद की। मालिक के साथ ही कच्ची शराब बनाने वाले धंधेबाज मौके से भाग निकले। अभियान के तहत पूरे जिले में पुलिस ने कुल 85 स्थानों पर दबिश देकर 1560 लीटर कच्ची शराब के साथ भट्टा मालिक समेत 59 लोगों को गिरफ्तार किया।
एसएसपी लव कुमार ने बताया कि जिन भट्टों पर कच्ची शराब पकड़ी गई है उनके मालिक पर आबकारी एक्ट के साथ ही अपमिश्रण का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का अभियान लगातार चलता रहेगा।