हालत चिंताजनक होने पर डाक्टरों ने घायलों को गोपीगंज रेफर कर दिया।
सीएचसी गोपीगंज के डाक्टरों ने प्रेमसागर पाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि भतीजे अनिल का उपचार चल रहा है। जंगलपुर गांव निवासी चाचा-भतीजा घर के ही एक सदस्य के पंचायत चुनाव नामांकन में शामिल होने के लिए डीघ ब्लाक जा रहे थे।
हादसे की खबर लगते ही परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जंगलपुर गांव निवासी राजाराम पाल ग्राम प्रधानी का चुनाव लड़ रहे हैं। शुक्रवार को नामांकन करने के लिए वह डीघ ब्लाक गए। उनके नामांकन में शामिल होने के लिए प्रेम सागर पाल (40) और उनका भतीजा अनिल पाल (21) पुत्र दयाराम पाल टीवीएस बाइक से घर से निकले।
चंदापुर के पास पहुंचे थे कि पीछे से आ रही बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे प्रेमसागर और अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में इलाहाबाद के बरौत स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालत चिंताजनक होने पर डाक्टरों ने रेफर कर दिया। परिवार वाले दोनों को सीएचसी गोपीगंज लेकर आए, यहां डाक्टरों ने प्रेम सागर पाल को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक बोलेरो छोडकर भाग गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर लगते ही परिवार वालो का जहां रो-रोकर बुरा हाल हो गया वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
खबर लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। घटना की जानकारी होने पर ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्रा ने भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर परिवार वालों को ढांढ़स बंधाया। कहा कि वह परिवार को उचित मुआवजा शासन से दिलाने के अलावा घायल के इलाज में हरसंभव मदद देंगे।