बनगाई जंगल में शुक्रवार की सुबह बदमाशों ने एक युवक की पिटाई कर बाइक और पांच हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। दोपहर में थाने पहुंचे पीड़ित ने तहरीर दी। पीड़ित के मुताबिक वह शेरपुरवा गांव में रहने वाले रिश्तेदार को ब्रह्मभोज का निमंत्रण देने जा रहे थे जब उनके साथ वारदात हुई।
चिलुआताल, सिक्टौर के रामबदन (36) शुक्रवार की दोपहर शेरपुरवा में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। दोपहर ढाई बजे बनगाई जंगल में खड़े पांच युवकों ने उन्हें रोक लिया। पिटाई करने के बाद जेब में रखे पांच हजार रुपये निकालने के साथ ही उन्होंने मोबाइल और बाइक छीन ली। वारदात के बाद वे जंगल की ओर फरार हो गए। राहगीरों की मदद से रामबदन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन भी की।
पुलिस की पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि बदमाश आए दिन राहगीरों की साइकिल, रुपये और मोबाइल छीन लेते हैं। तीन जून को भी एक व्यक्ति की बाइक छीन ली गई थी। दोपहर बाद जंगल में बाइक लावारिस हाल में मिली थी। एसओ गुलरिहा सुनील सिंह ने बताया कि छानबीन चल रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।