सरहरी में जीप में टक्कर के बाद गुस्साए मनबढ़ों ने बाइक सवार दो युवकों को बुरी तरह से पीटा दिया। राड से पिटाई के दौरान एक युवक तो भाग गया लेकिन दूसरे को पिटाई में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीरावस्था में युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां डॉक्टर उसकी हालत नाजुक बता रहे हैं। उधर, पुलिस ने मारपीट करने वाले तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पनियरा थाना क्षेत्र के बेनीगंज निवासी श्रवण पुत्र सीताराम अपने एक साथी के साथ बाइक से गोरखपुर से घर जा रहे थे। चिलुआताल थाना क्षेत्र के दरघाट से आगे पहुंचने पर पीछे से कुछ युवक हंटर जीप से आ रहे थे। इसी दौरान बाइक और जीप में हल्की से टकराहट हो गई। इससे जीप पर बैठे मनबढ़ नाराज हो गए। उन्होंने जीप को रोककर श्रवण और उनके साथी को गाली देने लगे। उन्होंने विरोध किया तो मारने-पीटने के लिए दौड़ा लिया। ये देख वे वहां से भागने लगे तो मनबढ़ों ने दौड़ा लिया और गुलरिहा क्षेत्र के महराजगंज चौराहे पर उन्हें पकड़ कर राड से पीटने लगे। हमले से श्रवण को गंभीर चोटें आई है।
हादसे में ट्रक मालिक की मौत
गोरखपुर। बरगदवां चौराहे के पास सड़क हादसे में बाइक सवार ट्रक मालिक पंच बहादुर की मौत हो गई। खजनी इलाके के भखरा निवासी पंच बहादुर अपने सहयोगी के साथ बरगदवां की ओर बाइक से जा रहे थे। अभी वे बरगदवां चौकी से चंद कदम आगे बढ़े थे कि सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान पंच बहादुर की मौत हो गई।