गगहा में शिक्षक पर हमला कर बाइक सवार बदमाशों ने रकम लूट ली। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है। मझगांवा प्रतिनिधि के अनुसार मझौरा निवासी दुर्गेश दुबे राधिका सीनियर सेकेंड्री स्कूल करवल में शिक्षक हैं।
रविवार की रात आठ बजे वह हाटा बाजार चौराहे से सामान लेकर लौट रहे थे। भीटी गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर दुर्गेश को रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने हमला कर जान से मारने की धमकी देकर जेब में रखे 22 सौ रुपये और पर्स निकाल लिए।
इसके बाद बदमाश हाटा की तरफ फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी फोन से पुलिस कंट्रोल रूम को दी। साथ ही सोमवार की सुबह गगहा थाने में तहरीर दी। पर्स में एटीएम कार्ड, डीएल और अन्य कागजात भी थे।