यूनिवर्सिटी पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर छेड़खानी का विरोध करने पर शोहदों ने एक युवक का सिर फोड़ दिया। लोगों ने बेसुध हाल में पड़े युवक को जिला अस्पताल में दाखिल कराया। इलाज के बाद होश में आने पर युवक ने पूरी वारदात बताई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
कैंट इलाके के पैडलेगंज निवासी लालजी सिंह के 36 वर्षीय पुत्र अनिल सिंह एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। बुधवार को वह अपनी बाइक से गोरखपुर क्लब की ओर से जा रहे थे। तभी उनकी नजर कुछ परेशान लड़कियों पर पड़ी। बाइक सवार शोहदे उनसे छेड़खानी कर रहे थे। अनिल ने शोहदों को छेड़खानी न करने की नसीहत दी तो शोहदे उनपर हमलावर हो गए। एक ने हेलमेट से उनके सिर पर इतना तेज हमला कर दिया कि वह बेसुध होकर गिर पड़े। उनके गिरते ही आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो शोहदे फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने अनिल को जिला अस्पताल में दाखिल कराया।