जिला अस्पताल में उपचाराधीन पीर मोहम्मद
- फोटो : mahesh kumar
पत्नी के मायके से न आने पर घोष कंपनी चौराहे पर मंगलवार को एक युवक ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को देने के साथ ही गंभीर हाल में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। देर शाम युवक की हालत बिगड़ने पर डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घोष कंपनी चौराहे पर रहने वाला पीर मोहम्मद (25) हरिओमनगर स्थित पीएनबी में स्वीपर है। डेढ़ साल पहले उसकी शादी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली युवती चांदनी से हुई थी। उसका एक साल का एक बच्चा है। बीस दिन पहले विवाद होने के बाद चांदनी मायके चली गई। फोन पर बातचीत करने कर पीर मोहम्मद ने उसे मनाने का प्रयास किया लेकिन वह घर नहीं लौटी। वह कई बार ससुराल भी गया. लेकिन चांदनी आने को तैयार नहीं हुई।
मंगलवार की दोपहर 12:30 बजे घोष कंपनी चौराहे पर पहुंचे पीर मोहम्मद ने अपने ऊपर केरोसिन गिराकर आग लगा ली। झुलसने के बाद वह चिल्लाते हुए जिला अस्पताल की ओर भागा। दुकानदारों ने आग बुझाने के साथ ही घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस ने लोगों की मदद से गंभीर रूप से झुलसे पीर मोहम्मद को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
कोतवाल विजयराज सिंह ने बताया कि पत्नी के मायके से न आने पर युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया है। डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर बताई है।