पिपराइच के कोनी में सोमवार की शाम नाले के किनारे युवती की अधजली लाश मिलने से सनसनी मच गई। उसके शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। चेहरे के साथ ही शरीर का ऊपरी हिस्सा जल जाने से उसकी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस को जानकारी के बाद भी क्षेत्र विवाद में दो घंटे तक मामला उलझा रहा। अधिकारियों के निर्देश पर पिपराइच पुलिस ने शव कब्जे में लिया।
जगदीशपुर प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार की शाम पांच बजे कोनी गांव के लोगों ने सीवान में फरेन नाले के किनारे 26 वर्षीय युवती की अधजली लाश देखी। युवती ने पायल के साथ ही चांदी की माला पहनी थी। बाएं पैर में एक हवाई चप्पल थी। आशंका है कि हत्या के बाद पहचान छुपाने के लिए ज्वलनशील पदार्थ डालकर शव को जलाया गया था।
घटनास्थल पर प्लास्टिक की बोतल, माचिस पड़ा था। सूचना पर सीओ कैंट अभय मिश्रा, एसओ खोराबार रामअशीष यादव, इंस्पेक्टर पिपराइच अंजनी श्रीवास्तव पहुंचे। क्षेत्र विवाद में दो घंटे तक मामला उलझा रहा। अधिकारियों के निर्देश पर पिपराइच पुलिस ने शव कब्जे में लिया। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे आसपास गांव के लोगों से पुलिस ने पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
बांध किनारे मिली अधेड़ की लाश
खोराबार के खिरवनिया गांव में सोमवार की दोपहर बांध किनारे अधेड़ की लाश मिली। राहगीरों की सूचना पर पुलिस शव कब्जे में लेकर शिनाख्त की कोशिश कर रही है। 55 वर्षीय अधेड़ के गले पर चोट के निशान थे। गले में रस्सी बंधी थी जिसका कुछ हिस्सा टूटा था। पेड़ के नीचे शव पड़ा होने से पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है, जबकि गांव के लोग हत्या का संदेह जता रहे हैं। अधेड़ ने मटमैला रंग की चेकदार शर्ट और पैंट पहनी थी।