गोरखपुर।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में शनिवार देर रात को महिला चिकित्सक से छेड़छाड़ को लेकर जूनियर डॉक्टर भड़क गए। उन्होंने प्रदर्शन करके मामले में कार्रवाई की मांग की। मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग भी की। देर रात खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मामले में रिपोर्ट नहीं दर्ज की थी।
शनिवार देर रात साढ़े नौ बजे बीआरडी मेडिकल कॉलेज में तैनात महिला जूनियर डॉक्टर इमरजेंसी में ड्यूटी के लिए जा रहे थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके साथ अभद्रता कर दी। सूचना बीआरडी के जूनियर डॉक्टरों को मिली तो वो भड़क गए। लामबंद हुए डॉक्टरों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना को लेकर आक्रोशित चिकित्सकों ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। चिकित्सकों का प्रदर्शन देखकर मेडिकल कॉलेज चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस चिकित्सकों को समझाने और मनाने में जुट गई। इस बीच चिकित्सक महिला जूनियर डॉक्टर से हुई छेड़छाड़ के मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस काफी कोशिशों के बाद चिकित्सकों को मनाने में कामयाब हुई। पुलिस ने मामले में चिकित्सकों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद चिकित्सकों का प्रदर्शन समाप्त हुआ। इस संबंध में सीओ गोरखनाथ चारु निगम ने कहा कि तहरीर मिली है। मामले में मुकदमा दर्ज करके आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।