गोरखपुर। एंटी करप्शन टीम ने कैंट के आरटीओ दफ्तर के पास से सोमवार की दोपहर श्रम विभाग के वरिष्ठ सहायक (बड़े बाबू) को घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। वरिष्ठ सहायक यशवंत सिंह माल्हनपार में चाय और मिष्ठान की दुकान चलाने वाले दुकानदार से पिछले कई दिनों से पांच हजार रुपये घूस मांग रहा था। टीम ने यशवंत को कैंट पुलिस के हवाले कर तहरीर दे दी है। गोला के माल्हनपार निवासी तेज बहादुर पाल की कस्बे में अभिषेक स्वीट हाउस के नाम से दुकान है। दुकान पर 15 अगस्त 2018 को श्रम विभाग के कौड़ीराम कार्यालय में वरिष्ठ सहायक पद पर तैनात यशवंत सिंह पहुंचा।
दुकान पर उस समय एक 16 वर्षीय किशोर काम कर रहा था। यशवंत सिंह ने दुकानदार तेज बहादुर पाल से बालश्रम कराने की बात कहकर पांच हजार रुपये की मांग की। रविवार को यशवंत ने तेज बहादुर को फोन कर रुपये लेकर आरटीओ दफ्तर के बाहर बुलाया। इसके बाद तेजबहादुर ने एंटी करप्शन टीम को इसकी जानकारी दी। सोमवार को एंटी करप्शन की टीम ने रुपयों में केमिकल लगा कर तेज बहादुर को दे दिए। यशवंत ने रुपये लिए तो केमिकल से उसके हाथ लाल हो गए। इसी समय एंटी करप्शन टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।