जिले में जालसाजी का नया तरीका सामने आया है। जालसाज लग्जरी वाहनों को भाड़े पर लेकर उसे गिरवी रखकर मोटी कमाई करते थे। गुलरिहा पुलिस ने एक जालसाज को गिरफ्तार कर 11 लग्जरी वाहन बरामद कर लिए हैं। वहीं लखनऊ निवासी उसके दूसरे साथी की तलाश में लगी है।
एसपी नार्थ गणेश साहा ने शनिवार को गुलरिहा थाने में प्रेस कांफ्रेंस कर जालसाजी का पर्दाफाश किया। एसपी ने बताया कि कई वाहन स्वामियों ने गाड़ी हड़पने की शिकायत की थी। पुलिस जांच में लगी थी। इसी बीच मुखबिर ने चोरी के वाहन बेचे जाने की सूचना दी। इसके बाद गुलरिहा थानेदार ओमहरि वाजपेयी, स्वाट टीम प्रभारी सत्य प्रकाश अपनी-अपनी टीम के साथ शुक्रवार रात संगम चौराहे के पास से खजनी के टेकवार निवासी रिंकू पांडेय उर्फ त्रिपुरेश को पकड़ लिया। उसने कार्मल रोड पर साथी के होने की बात बताई, जिसके बाद टीम वहां पहुंची, मगर जालसाज फरार हो चुका था। फरार साथी की पहचान लखनऊ के गोमतीनगर, विराट खंड निवासी पवन दुबे के रूप में हुई है।
रिंकू ने बताया कि वह पवन के साथ मिलकर लोगों की गाड़ियों को भाड़े पर लेता था और फिर दोनों उसे गिरवी रखकर मोटी कमाई करते थे। एसपी नार्थ ने बताया कि गिरफ्तारी करने वाली टीम में दरोगा विजेंद्र गिरी, सुनील सिंह भी शामिल थे, एसएसपी की ओर से पूरी टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
ये गाड़ियां हुईं बरामद
यूपी 57 एसी 1111 (स्विफ्ट कार), यूपी 53 बीएम 2504 (स्विफ्ट कार), यूपी 52 डब्लू 7754 (स्कार्पियो), यूपी 53 बीबी 9222 (इनोवा), यूपी 32 एचई 0886 (ब्रेजा मारुति), यूपी 53 एएन 0786 (इनोवा), यूपी 58 एल 2494 (आरटीगा), यूपी 58 के 7099 (स्विफ्ट कार), यूपी 53 बीबी 9099 (बोलेरो), यूपी 14 एक्यू 7775 (इनोवा)