गोरखपुर।
झंगहा इलाके के रानापार गांव में तीन बालिकाओं की मौत से चीख पुकार मच गई है। आंखों के सामने डूबने और बचा न पाने का मलाल घरवालों के साथ गांव के लोगों को सता रहा है। गांव वाले इसे दैवीय आपदा बताकर घरवालों को सांत्वना दे रहे हैं। हादसे के बाद बाढ़ से घिरे लोग चाह कर भी बालिकाओं के साथ अस्पताल नहीं पहुंच सके। यही नहीं घरवालों को अब दाह संस्कार की चिंता सता रही है।
रानापार और आसपास के गांव को बाढ़ ने पूरी तरह से अपने आगोश में ले लिया है। चारों तरफ पानी होने से रास्ता बंद हो चुका है और आने-जाने का एकमात्र साधन नाव ही है। इसी बीच गांव की तीन बालिकाएं डूब गईं। पहले बाढ़ ने उजाड़ा है और इसी बीच मौत ने लोगों को झकझोर दिया है। मौत से परिवार के साथ गांव में मातम छा गया है। वहीं उनके दाह संस्कार में भी मुसीबत बनी हुई है। अंतिम वक्त के काम के लिए गांव में खाली जमीन नहीं बची है।