राजघाट इलाके की सराफा मंडी की चौधरी गली में गुरुवार की शाम आभूषण कारीगर से दो बदमाशों ने छह लाख रुपये के स्वर्णाभूषण और नकदी लूट ली। दोनों एक ही बाइक से आए थे। कारीगर के विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग भी की मगर गोली मिस हो गई। हालांकि व्यस्त इलाके में लूट की घटना के गवाह न मिलने पर पुलिस घटना से इंकार कर रही है। उसका कहना है कि व्यापारी से लिए गए छह लाख रुपये न लौटाने के लिए कारीगर ने लूट की झूठी कहानी गढ़ी है।
बक्शीपुर के रामकुमार वर्मा की राजघाट इलाके के चौधरी कटरा में दुकान है। रामकुमार स्वर्णाभूषण के कारीगर है। गुरुवार की शाम छह बजे वह दुकान बंद कर घर जा रहे थे। अभी वो कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि वहां बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। कारीगर के मुताबिक एक बदमाश के हाथ में तमंचा था, जबकि दूसरे ने उनकी जेब से 200 ग्राम सोना और 65 हजार नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाश ने फायरिंग भी की लेकिन गोली मिस हो गई।
इस बाबत सीओ कोतवाली अशोक पांडेय का कहना है कि व्यापारी नितेश शुक्ल से रामकुमार ने गहने बनाने के लिए पौने छह लाख रुपये लिए थे, पर लौटा नहीं रहे थे। गुरुवार की शाम उन्हें रकम लौटाने के लिए बुलाया गया था, इसलिए उन्होंने लूट की झूठी कहानी गढ़ दी।