कंपकंपाती ठंड में चोरों की चांदी हो गई है। कोई ऐसा दिन नही है जिस दिन चार से पांच चोरी की घटनाएं न होती हों। बुधवार की रात में चोरों ने सरपतहां के पट्टी नरेंद्रपुर गांव में बंद मकान का ताला तोड़कर पांच लाख से अधिक का सामान उठा ले गए। इसके अलावा मीरगंज, रामपुर सहित कई इलाकों में चोरी की घटनाएं हुईं।
सरपतहां थाना क्षेत्र के पट्टी नरेंद्र पुर निवासी ओम प्रकाश दुबे, विजय प्रकाश दुबे और सूर्य प्रकाश तीनों सगे भाई हैं। तीनों परिवार सहित मुंबई में रहते हैं। गांव के मकान पर ताला बंद रहता है। दो दिन पहले कुछ लड़कों की गेंद मकान की तरफ चली गई। वह गेंद के लिए छत पर चढे तो देखा कि सामान आंगन में बिखरा हुआ है।
इसकी सूचना ओमप्रकाश को दी गई। गुरुवार को ओम प्रकाश गांव आए और चोरी की सूचना पुलिस को दी। मौके पर डाग स्क्वायड की टीम बुला ली गई लेकिन कोई सफलता नही मिली। पीड़ित के मुताबिक पांच लाख रुपये की चोरी हुई है।
रामपुर प्रतिनिधि के मुताबिक स्थानीय बाजार स्थित बरसठी मार्ग पर मकान में लगा दरवाजे का ताला तोड़कर चोर 5 केबी का जनरेटर उठा ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। बाजार निवासी भरत लाल जायसवाल अपने निर्माणाधीन मकान में सायंकाल दरवाजा में ताला देकर घर चले गए।
सुबह जाकर देखा तो दरवाजा में दूसरा ताला बंद था तथा पुराना ताला तोड़कर जनरेटर गायब कर दिया गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मीरगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल चोरों के निशाने पर है। स्कूलों का ताला तोड़कर सिलेंडर व एमडीएम के वर्तन पार कर दे रहे हैं।
एक दर्जन से ज्यादा स्कूलों को निशाना बना चुके हैं। एक पखवारे के भीतर प्राथमिक स्कूल भटहर द्वितीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय भटहर, प्राथमिक स्कू ल रामपुर चौथार, शेषजैनपुर, कमासिन द्वितीय, अमाई, पूर्व माध्यमिक स्कूल अमाई, प्राथमिक स्कूल रामपुर खुर्द, अभिनव प्राथमिक स्कुल अदारी, लासा का ताला तोड़कर हजारों का सामान पार चुके हैं।