कसिहार (गोरखपुर)। बेलीपार के भरवल में बृहस्पतिवार की सुबह 8:20 बजे के करीब ठेकेदार संत कुमार निषाद का शव रखकर ग्रामीणों ने गोरखपुर-वाराणसी मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव तीन थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। उसके बाद प्रदर्शन कर रहे लोग शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए गए।
बुधवार की सुबह ठेकेदार संत कुमार की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने दिनेश निषाद समेत पांच लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई। बुधवार
की शाम पोस्टमार्टम के बाद शव लाए परिवार के लोगों ने दाह संस्कार से इंकार कर दिया था। बृहस्पतिवार की सुबह शव को गोरखपुर-वाराणसी मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया गया। परिजनों का आरोप था कि पुलिस की आरोपी दिनेश निषाद तथा उसके साथियों से सांठगांठ थी, जिस वजह से उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीण आरोपियों का एनकाउंटर की मांग भी करने लगे। बाद में पुलिस अफसरों ने समझाकर हटाया। जाम की वजह से गाड़ियों को कौड़ीराम से बांसगांव मार्ग से निकाला गया।
शव देख बदहवास हो गई पत्नी
सड़क जाम के दौरान संत कुमार निषाद के शव के ऊपर लिपटकर पत्नी मीना देवी बार-बार बेसुध हो जा रही थीं। साथ में बैठी गांव की महिलाएं पानी का छींटा मारकर उनको होश में लाने का प्रयास करती रहीं।
सुरक्षा घेरे में अंत्येष्टि, एसडीएम ने की जांच
भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मलांव गांव के चंदा घाट पर संत कुमार निषाद के शव का अंतिम संस्कार किया गया। छोटे बेटे ने मुखाग्नि दी। जमीन संबंधी विवाद की जानकारी होने पर एसडीएम बांसगांव अरुण कुमार मिश्र तथा तहसीलदार बांसगांव शशिभूषण पाठक ने मौके पर जाकर दिनेश निषाद व संत कुमार निषाद के बीच विवादित भूमि को देखा तथा तत्काल उसके निस्तारण का आश्वासन दिया।