गोरखपुर। पीपीगंज थानाक्षेत्र की जंगल कौड़िया पुलिस चौकी के पास गुरुवार की शाम पति के साथ पैदल जा रहीं आगनबाड़ी सुपरवाइजर की सोने की चेन बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट ली। चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर वारदात के बाद सिपाहियों को पहुंचने में 15 मिनट से अधिक का समय लग गया।
सलेमपुर के भरौली मिश्र गांव के विष्णु की पत्नी लालमुनी (55) जंगल कौड़िया आंगनबाड़ी केंद्र पर सुपरवाइजर हैं। केंद्र से कुछ दूरी पर किराये का मकान लेकर वह पति के साथ रहती हैं। गुरुवार की शाम को वह पति के साथ ब्लॉक के सामने मेडिकल स्टोर से दवा लेकर लौट रही थीं। हाईवे पर पुलिस चौकी से महज 100 मीटर आगे एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मार कर चेन लूट ली। ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय चौकी पर एक सिपाही और होमगार्ड तैनात था।