युवक की पिटाई के बाद उसे बांधकर सड़क पर छोड़ दिया गया।
- फोटो : Amar Ujala
जगदीशपुर स्थित फोरलेन पर चनकापुर अंडरपास के पास रविवार की देर रात मनबढ़ों ने एक अधेड़ की पिटाई कर उसका हाथ, पैर और मुंह बंाधकर सड़क किनारे फेंक दिया। वह पूरी रात सड़क किनारे पड़ा रहा। सुबह राहगीरों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। मनबढ़ों ने अधेड़ के पास रखे जेवरात भी ले लिए।
पिपराइच थानाक्षेत्र के करमैनी गांव निवासी याकूब (45) रविवार को घर से जेवर बेचने जगदीशपुर आए थे। रात होने पर वह अपने रिश्तेदार के यहां जाने लगे। इसी दौरान करमैनी गांव के ही जाहिद और उनके दो बेटों ने उन्हें पकड़ लिया। उनकी जमकर पिटाई करने के बाद उनके हाथ, पैर और मुंह बांधकर सड़क किनारे फेंक दिया।
याकूब के मुताबिक पिटाई करने वाले उनके पास रखा नथिया, मांगटीका, झुमका भी उठा ले गए। याकूब ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है।