बंद मकान में कब्जे की कोशिश, केस दर्ज
पड़ोसी की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कोतवाली क्षेत्र के दीवान बाजार में बंद मकान में कब्जे की कोशिश की गई। आरोप है कि दस से ज्यादा संख्या में पहुंचे लोग मेन गेट का ताला तोड़कर घर में काबिज हो गए। पड़ोस में रहने वाले नवनीत कुमार की सूचना पर पहुंची पुलिस कुछ लोगों को थाने ले आई और उनका शांतिभंग में चालान किया गया। नवनीत की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ कब्जे की कोशिश, मारपीट, धमकी देने का केस दर्ज किया गया है।
दीवान बाजार में रतन सरन पत्नी शैलेश का मकान है। वर्तमान में वह इलाहाबाद में रहती हैं और पड़ोसी नवनीत को देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी हैं। आरोप है कि 13 जुलाई को सूरजकुंड निवासी प्रणव कुमार श्रीवास्तव, बेतियाहाता निवासी धीरेंद्र प्रताप, अनुपमा श्रीवास्तव, सुधीर और शनि कुछ लोगों के साथ आए और ताला तोड़कर घर में घुस गए। नवनीत ने मकान मालिक से संपर्क किया तो पता चला कि उन्होंने किसी को नहीं भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।