तारामंडल रोड के बुद्ध विहार पार्ट सी के पास शनिवार सुबह स्कूली बस की चपेट में आकर बाइक सवार रामदत्त (32) की मौत हो गई। वह छोटे भाई की शादी का कार्ड बांटने जा रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस खोराबार के एक स्कूल की थी।
झंगहा इलाके के शिवपुर मोतीराम अड्डा निवासी रामदत्त मद्धेशिया शनिवार की सुबह करीब दस बजे छोटे भाई की शादी का कार्ड बांटने बाइक से देवरिया बाईपास होते हुए शहर की तरफ आ रहे थे। तारामंडल रोड पर रामगढ़ताल से कुछ पहले बुद्ध विहार पार्ट-सी के पास एक स्कूली बस ने रामदत्त की बाइक में टक्कर मार दी। रामदत्त बाइक लेकर गिर गए और बस उनके ऊपर से गुजर गया। इससे रामदत्त की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खोराबार एसओ सुधीर सिंह ने बताया कि चालक बस लेकर भाग निकला, उसकी तलाश की जा रही है। बस एक स्कूल की थी।
शादी वाले घर में चीख-पुकार
रामदत्त के छोटे भाई की शादी 19 फरवरी को है। बड़े बेटे की मौत की खबर पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में जश्न की तैयारी चल रही थी, वहां मातम छा गया है।