कोतवाली पुलिस ने करीब ढाई माह पूर्व हुई कार लूट के सरगना को शनिवार को दोपहर में गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार सरगना अंतरजनपदीय गैंग का सक्रिय सदस्य है। गिरोह का सरगना की पहचान जिला बदायूं के थाना वजीरगंज के गांव वनकोटा निवासी अनूप के रूप में हुई है। जिसके पास से 12 बोर का एक तमंचा और दो जीवित कारतूस बरामद किए हैं।
कोतवाल मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि 30 नवंबर को सुबह 5.45 बजे आठ सशस्त्र बदमाशों ने ईंटगांव-बमरोली रोड पर गांव मुड़गवां के पास लखीमपुर के मोहल्ला बहादुर नगर निवासी अजय सक्सेना से उसकी हुंडई वरना कार लूट ली थी। इन्हीं बदमाशों ने 30 नवंबर रात 9.30 बजे नगर के बारह पत्थर चौराहे के पास दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव बेनीपुर निवासी निर्देश पटेल से ट्रैक्टर लूट लिया था। पुलिस में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने लूटकांडों का पर्दाफाश कर लिया था। पर्दाफाश में थाना बिलसंडा के गांव रामपुर बसंत निवासी रमाकांत, पूरनपुर कोतवाली के गांव शेरपुरकला निवासी यूनुस, जिला बदायूं के थाना उझानी गांव किला खेड़ा निवासी राजीव, इसी थाना के गांव नदजाई निवासी मुकेश, इसी थाना क्षेत्र के गांव गद्दी टोला निवासी मोहर सिंह, बदायूं के थाना सहसवान के गांव चंदनपुर निवासी उमेश यादव, बदायूं के थाना उघैती के गांव कुबरी निवासी हंसपाल, बदायूं के थाना वजीरगंज के गांव वनकोटा निवासी अनूप, जिला शाहजहांपुर के थाना सिधौली के गांव भितिया निवासी कैप्टन सिंह, जिला कासगंज के थाना सुनगढ़ी के गांव रीखुली निवासी भूरा, जिला संभल के थाना गुन्नौर के गांव काशीपुर निवासी हरीओम के नाम आए थे। पुलिस ने इन सारे आरोपियों को पहले से ही दर्ज रिपोर्ट में नामजद कर दिया था। पुलिस ने नामजद 11 में आठ आरोपियों को उसी समय गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने गिरोह के सरगना जिला बदायूं के थाना वजीरगंज के गांव वनकोटा निवासी अनूप को शनिवार को दोपहर बिलसंडा नहर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अनूप के कब्जे से 12 बोर का एक तमंचा और दो जीवित कारतूस बरामद किए हैं। सीओ प्रवीन मलिक ने गिरफ्तार अनूप से पूछताछ की है। सीओ ने बताया कि आरोपी मुकेश और भूरा अभी फरार हैं। सीओ ने यह भी बताया कि उक्त सारे आरोपी अंतरजनपदीय गैंग के सक्रिय सदस्य हैं।