गोरखपुर।
सहजनवां के एक गैरेज से चोरी की गई कार को पुलिस ने बरामद कर लिया है। चोरी का केस दर्ज कर जांच में लगी पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात दानापानी ढाबे से दो लोगों को पकड़ा और उनकी निशानदेही पर कार बरामद की। पुलिस बीस दिन बाद कार को बरामद कर सकी।
सहजनवां में स्मार्ट व्हील नाम से गैरेज है। इसके मैनेजर संजय कुमार ने केस दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया था कि गैरेज में पुरानी गाड़ियों की मरम्मत का काम होता है। गैरेज के पास ही एक मैदान है जहां पर गाड़ियां खड़ी होती हैं। वहां सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात है। महीने के पहले सप्ताह में गाड़ियों की गिनती होती है। इसी दौरान एक मारुति कार गायब मिली। सिक्योरिटी रजिस्टर में अजय नाम का एक शख्स गाड़ी ले गया था। इसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात साढ़े बारह बजे मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्धों को ढाबे से पकड़कर कार बरामद की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बोक्टा निवासी अजय व हिमांशु के रूप में हुई है।