गोरखपुर। बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बेलसड़ा गांव में रिटायर नायब तहसीलदार रामलाल कन्नौजिया ने लाइसेंसी बंदूक से गोली दाग दी। गोली के छर्रे नातिन दिव्या (13) और पड़ोसी महिला लीलावती (55) को लग गई। इससे दोनों घायल हो गए। आनन फानन में घरवालों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस की सूचना दी। उधर, मौका पाकर आरोपी रामलाल छत के रास्ते फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मधुपुर प्रतिनिधि के मुताबिक रामलाल कन्नौजिया दो साल पहले रिटायर हुआ है। वह शराब का आदी है और आए दिन में इसे लेकर उसका विवाद होेता रहता है। रविवार की सुबह भी शराब पीने को लेकर बेटा संदीप से रामलाल का विवाद हो गया। इसके बाद परिवार वालों ने संदीप को वहां से हटा दिया और रामलाल को एक कमरे में बंद कर दिया। कमरे में ही लाइसेंसी बंदूक रखीं थी। उसे निकालकर रामलाल ने खिड़की के रास्ते गोली दाग दी। उस समय पट्टीदार कृष्ण मुरारी की पत्नी लीलावती और नातिन दिव्या वहीं बैठी थीं। गोली का छर्रा लगने से दोनों लहूलुहान हो गए। गोली की आवाज सुनकर दौड़े घर वाले रोने लगे। दोनों का लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। संयोग अच्छा था कि दोनों की जान बच गई। उधर, घटना के बाद पीछे का दरवाजा खोलकर रामलाल फरार हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हलगंज के डॉक्टर ने दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।