गोरखपुर।
कुख्यात बदमाश चंदन सिंह के गुर्गे ने एक और डॉक्टर से पांच लाख की रंगदारी मांगी है। शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे गोला बाजार के डॉ. संजय गुप्ता को फोन कर रंगदारी मांगने वाले ने अपने को चंदन का साथी बताया। बुधवार को चंदन सिंह बदायूं से पेशी पर आया था। दो माह पहले मोद्दीपुर निवासी डॉ. शशिकांत दीक्षित से भी 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
गोला बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, डॉ. संजय गुप्ता, उनकी पत्नी डॉ. बबीता गुप्ता गोला सरकारी अस्पताल के पास क्लीनिक चलाते हैं। डॉ. संजय के पास फोन करने वाले ने कहा कि मैं चंदन सिंह का साथी रिंकू सिंह बोल रहा हूं पांच लाख रुपये पहुंचा दो। डॉक्टर ने चंदन सिंह के नाम से अनभिज्ञता जताई, तो वह भड़क उठा और कहा कि पांच लाख पहुंचा दो, नहीं तो गोरखपुर में पढ़ने वाला तुम्हारा बेटा सुरक्षित नहीं रहेगा। फोन कटते ही डॉक्टर घबरा गए और बेटे से संपर्क करने के बाद रंगदारी की सूचना गोला इंस्पेक्टर को दी। पुलिस छानबीन में जुटी है। डॉ. शिवशंकर शाही और डॉ. शशिकांत दीक्षित से रंगदारी की जांच अभी पुलिस के पास है।