गोरखपुर।
पांच साल पहले लिए दस लाख रुपये कर्ज के एवज में 45 लाख वसूलने के बावजूद रुपयों की मांग को लेकर सूदखोरों ने घर में जमकर उत्पात मचाया। जानमाल की धमकी से आहत परिवार ने आत्मदाह की चेतावनी देते हुए एसएसपी से शिकायत की है। एसएसपी के आदेश पर शाहपुर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शाहपुर के बशारतपुर शिवनगर कॉलोनी निवासी संतोष श्रीवास्तव ने बीटेक में बेटी के दाखिले के लिए रामजानकी नगर के रहने वाले आयुष उर्फ सोनू सिंह से ब्याज पर दस लाख रुपये लिए थे। संतोष के मुताबिक इसके एवज में वह अभी तक 45 लाख रुपये दे चुके हैं लेकिन अभी भी पांच लाख रुपये बाकी होने की बात कहकर दबाव बनाया जा रहा है। आरोप लगाया कि और रकम देने से मना करने पर आयुष अपने दोस्तों को लेकर उनके घर आया और उत्पात मचाया। ब्याज समेत रकम वापस न करने पर बर्बाद करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। संतोष और उनकी पत्नी हेमलता ने आईजी, डीआईजी को पत्र लिखने के साथ ही एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी। दंपती ने न्याय न मिलने पर परिवार के साथ आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। पुलिस ने सोनू के खिलाफ जालसाजी, रंगदारी वसूलने और धमकी देने के धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।