बड़हलगंज। मुक्तिपथ पर सरयू नदी में डूबने से दो साल के मासूम की मौत हो गई। नदी किनारे उसका शव मिलने के बाद चीख-पुकार मच गई। मुक्तिपथ पर एक परिवार पूजा करने आया था। छपिया गांव निवासी रामकिशुन के घर जून में शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए उनकी बेटी, पति तेजराज और इकलौते बेटे मनमोहन (2) के साथ आई थी। तेजराज राजस्थान के नागोल जिला में रहते हैं।
शादी के बाद रविवार को सरयू तट पर कड़ाही चढ़ाने और पूजा करने पहुंचना था। सुबह घर की महिलाओं के साथ तेजराज अपने पुत्र मनमोहन को लेकर मुक्तिपथ पहुंचे। महिलाएं कड़ाही चढ़ाने में जुट गईं। वहीं तेजराज पुत्र को नहला कर सीढ़ी पर बैठा दिए और खुद नदी में नहाने चले गए। इस बीच अचानक बच्चा सीढ़ी से लुढ़ककर नदी में चला गया। नदी में स्नान कर रहे एक व्यक्ति के पैर के नीचे बच्चा पड़ता तो उसके डूबने की जानकारी हुई। आनन-फानन में बच्चे को नदी से बाहर निकाला गया। परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।