क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
वरिष्ठ भाजपा नेता व एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैय्या के दामाद प्रवीण राज सिंह की गाड़ी पर हमले की घटना में पुलिस ने ड्राइवर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं मैरिस रोड पर जांच करते हुए बुलेट बाइक सवार तीनों संदिग्धों के सीसीटीवी फुटेज निकलवा लिए हैं।
खास बात यह है कि घटना से चंद मिनट पहले ही एटा सांसद के दामाद गाड़ी से उतरे थे। जब हमलावरों ने कार को ओवरटेक कर उसे इरादतन रुकवाया तो उन्होंने हथियार दिखाते हुए ड्राइवर से यह सवाल दागा कि तुम्हारा मालिक कहां है। इसी बीच पीछे से आते राहगीरों की टोकाटाकी पर हमलावर भाग गए। अब बड़ा सवाल यह है कि यह बाइक सवार कौन थे और उनके निशाने पर कौन था और क्यों उन्होंने हमला किया। इन्हीं सवालों के जवाब तलाशने को आरोपियों को तलाशा जा रहा है।
वाकया शनिवार शाम करीब 5 बजे का है। सुरेंद्र नगर निवासी भाजपा नेता ठा.श्यौराज सिंह के पुत्र व एटा सांसद के दामाद प्रवीण राज सिंह ने बताया कि वह अपने छोटे भाई के साथ घर से निकले थे। गाड़ी को ड्राइवर गुड्डू चला रहा था। वह खुद सेंटर प्वाइंट पर उतर गए और छोटे भाई पीडब्ल्यूडी ऑफिस गए। वहां से ड्राइवर अपने कपड़े डालते हुए केला नगर होकर घर जा रहा था। जब वह लौट रहा था तो केला नगर से ही बुलेट सवार संदिग्ध उसके पीछे लग गए। सोढ़ी कांप्लेक्स पर आते ही बाइक सवारों ने उसे ओवरटेक कर रुकवा लिया। उनके हाथों में हथियार भी था।
चूंकि गाड़ी के शीशों पर ऐसी फिल्म है, जिसमें बाहर से अंदर नहीं दिखता तो उन्होंने साइड मिरर को तोड़ दिया। इस पर ड्राइवर ने थोड़ा सा शीशा उतारा तो हमलावरों ने अंदर झांककर उससे सवाल दागा। यहां तक कहा कि अब उन्हें देखेंगे, बहुत बड़े नेता बनते हैं। इसके बाद वह भाग गए। प्रवीण राज सिंह के अनुसार इको स्पोर्ट्स इस गाड़ी में शहर में अक्सर वह खुद ही चलते हैं। हमलावर कौन थे और क्यों यह सब किया। ड्राइवर के बताने पर रात में ही खुद ठा.श्यौराज सिंह व विधायक अनिल पाराशर आदि मौके पर आए थे। बाद में पुलिस को सूचना दी थी। इधर, इस विषय में एसएसपी को भी अवगत कराया गया है। वहीं ड्राइवर की तहरीर पर क्वार्सी में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
इंस्पेक्टर क्वार्सी संजीव दुबे के अनुसार मैरिस रोड पर केला नगर से लेकर सेंटर प्वाइंट तक के सीसीटीवी चेक किए गए। घटना स्थल व उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज में कैद बाइक सवार तीन युवक पहचाने गए हैं। उनके फुटेज निकलवा लिए गए हैं। उनकी तलाश कराई जा रही है। ड्राइवर गुड्डू की तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी के बाद स्पष्ट होगा कि आखिर उनकी मंशा क्या थी और वह कौन लोग थे। यह भी बताया कि बुलेट बिना नंबर की है। सोमवार को आरटीओ दफ्तर से उसके नंबर आदि की जानकारी कर ली जाएगी।