पादरी बाजार (गोरखपुर)। गुलरिहा के हरिसेवकपुर नंबर दो के चौहान टोला में रविवार की देर रात दोस्त के घर खाने-पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद संदीप चौहान उर्फ कोइल (20) को गोली लग गई। आरोप है कि दावत में शामिल दो लोगों में से एक ने उसे गोली मार दी। खून से लथपथ संदीप को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी दोनों दोस्त रात में ही फरार हो गए। पुलिस ने पिता की तहरीर पर गांव के विकास और सनी के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसी बीच सोमवार को गांव की कुछ महिलाओं ने नामजद आरोपी के घर की एक महिला की पिटाई कर दी। गांव में तनाव को देखते हुए एक कंपनी पीएसी तैनात कर दी गई है।
हरिसेवकपुर नंबर दो के चौहान टोला निवासी संदीप चौहान (20) सनी चौहान और विकास चौहान दोस्त हैं। सनी हरिद्वार में मजदूरों की सप्लाई का ठेका लेता है, जबकि विकास ट्रेवल एजेंसी चलाने के साथ ही प्रापर्टी डीलर है। तीनों दोस्त गांव में सनी के खाली पड़े दो मंजिला मकान में अक्सर खाने-पीने पहुंच जाते थे। वहां शराब भी पी जाती थी। रविवार की रात तीनों ने सनी के घर पर आईपीएल मैच देखा और शराब पी। फिर जाने क्या हुआ, किसी बात को लेकर संदीप और सनी में कहासुनी हो गई। इस दौरान चली गोली संदीप के सीने में लग गई। पुलिस के मुताबिक दोनों दोस्तों ने ही कार से संदीप को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
वहां डॉक्टरों के संदीप को मृत घोषित करने पर दोनों शव छोड़कर भाग गए। सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण, सीओ चौरीचौरा, सीओ गुलरिहा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के घर और रिश्तेदारों के यहां छापेमारी शुरू कर दी है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है। सोमवार को कुछ महिलाओं के नामजद आरोपी के घर की एक महिला को पीटने के कारण गांव में एक कंपनी पीएसी लगा दी गई है।