फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मनबढ़ों ने प्रधान के पति पर किया हमला, गंभीर

Sun, 19 Jun 2016 08:25 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन
खोराबार के वनसप्ती में रविवार को ड्राइवर की पिटाई का विरोध करने पर मनबढ़ों ने प्रधान के पति पर धारदार हथियार से हमलाकर उन्हें घायल कर दिया। शोर मचाने पर जुटे आसपास के लोगों ने हमलावरों को दौड़ा लिया। चार हमलावर पकड़े जाने के डर से अपनी बाइक छोड़कर पैदल ही जंगल की तरफ भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही बाइक को कब्जे में ले लिया।
विज्ञापन


खोराबार प्रतिनिधि के अनुसार सिक्टौर गांव का रहने वाला धीरु नौवा अव्वल गांव के रामनयन की गाड़ी चलाता है। रविवार की सुबह सैरया के स्टेशन टोला स्थित उसके ससुराल में विवाद हो गया था। खबर मिलने पर वह सुबह 10 बजे के करीब गाड़ी लेकर ससुराल पहुंचा और मारपीट में घायल ससुराल वालों को चौरीचौरा थाने ले जाकर तहरीर दी। वहां से मेडिकल कराने के बाद वह घर लौट रहा था। इसी बीच रामनगर कड़जहां के पास 15 बाइक से आए 30 युवकों ने उसे रोकने की कोशिश की। इसकी सूचना मोबाइल से सिक्टौर गांव के प्रधान के पति राजेश निषाद को देने के बाद वह गाड़ी लेकर सुबा बाजार की तरफ निकल गया।

दोपहर करीब 3:30 बजे बाइक सवार युवकों ने उसे कुसम्ही जंगल में गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर वनसप्ती के पास रोक लिया और गाड़ी का शीशा तोड़कर धीरू की पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच पहुंचे राजेश निषाद ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनके दाएं हाथ की अंगुली और सिर में चोट लग गई। लहूलुहान राजेश को देखकर स्थानीय दुकानदारों ने हमलावरों को दौड़ा लिया। इस दौरान चार बदमाश अपनी दो बाइक मौके पर छोड़कर पैदल ही जंगल की तरफ भाग निकले।
विज्ञापन


सूचना पर पहुंची खोराबार पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। राजेश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमला, बलवा, तोड़फोड़ करने का केस दर्ज किया है। एसओ रामअशीष यादव ने बताया कि मौके पर मिली बाइक के आधार पर हमलावरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें