कौड़ीराम। गगहा के बलुवा मंदिर के पास स्थित पूर्वांचल पब्लिक स्कूल में तीसरी मंजिल से गिरकर बुधवार को गार्ड राधेश्याम पांडेय (55) की मौत हो गई। स्कूल की तीसरी मंजिल पर झंडा फहराया गया था, जिसे उतारने के दौरान यह घटना हो गई।
बांसगांव थाना क्षेत्र के खंहुआ निवासी राधेश्याम पांडेय विद्यालय में गार्ड थे। स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराने के बाद बुधवार की शाम गार्ड तीसरी मंजिल से झंडा उतारने गए
थे। तीसरी मंजिल पर किनारे लगे भारी पाइप से झंडा निकालते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गए। उनकी मौत हो गई। विद्यालय प्रबंधन ने आनन-फानन में शव को हटा दिया।
विद्यालय के आस पास रहने वाले लोगों ने परिजनों को सूचना दी। सूचना के आधार पर परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे, तब तक विद्यालय प्रबंधन सही जानकारी नहीं दे रहा था। परिवार के लोगों के अनुसार राधेश्याम कॉलेज में पिछले आठ वर्षों से कार्यरत थे। विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ है। विद्यालय के अंदर दिख रहे गार्ड से जब घटना के बारे में पूछा गया तो उसनेे बात करने से मना कर दिया।
फोन पर कॉलेज की प्रिंसिपल पूनम श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया गया था और एक गार्ड की मौत हो गई है।