गोरखपुर।
गोरखनाथ के सुभाषचंद्र बोस नगर मोहल्ले में बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा सटाकर युवक का मोबाइल लूट लिया। युवक के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग दौड़कर जब तक बाहर आए बदमाश फरार हो चुके थे। आधी रात को लूट की वारदात से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
सुभाषचंद्र बोस नगर निवासी मान सिंह गुरुवार की देर रात भोजन करने के बाद सड़क पर टहल रहे थे। इस दौरान वह अभी पास के कांप्लेक्स के पास पहुंचा थे कि पीछे से बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और तमंचा सटाकर मोबाइल लूट लिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को मान सिंह ने बदमाशों का हुलिया बताया। वहीं मोहल्ले के लोगों ने गोरखनाथ पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।