गोरखपुर।
एक हफ्ते के बीच दो डॉक्टरों से रंगदारी मांगे जाने से डॉक्टर दहशत में है। इसे लेकर बृहस्पतिवार की शाम सीतापुर आई हास्पिटल में आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) के अध्यक्ष बीबी गुप्ता ने आपात बैठक बुलाई। शहर के वरिष्ठ डॉक्टरों ने बैठक में चिंता व्यक्त की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मुलाकात की और सीएम योगी आदित्यानाथ से मुलाकात कराने का अनुरोध किया। डॉक्टरों के मुताबिक गोरखनाथ मंदिर में सीएम से मुलाकात कराने का आश्वासन डीएम ने दिया है।
अध्यक्ष डॉ. बीबी गुप्ता ने कहा कि डॉक्टरों से लगातार रंगदारी मांगी जा रही है। पहले सर्जन डॉ. शिव शंकर शाही से फिर डॉ. शशिकांत दीक्षित के पास रंगदारी का पत्र आने से डॉक्टर दहशत में है। पुलिस प्रशासन को सुरक्षा की व्यवस्था करनी चाहिए और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें। डॉक्टरों ने कहा कि पहले भी डॉक्टरों से रंगदारी मांगने और वसूलने की घटना हो चुकी है। इसे गंभीरता से लेने की जरूरत है। डॉ. बीएन अग्रवाल, डॉ. शशांक, डॉ. अजय शुक्ला, डॉ. डीके सिंह, डॉ. विजाहत करीम, डॉ. महेंद्र अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
.....
कुख्यात चंदन पहले भी वसूल चुका है रंगदारी
गोरखपुर।
कुख्यात चंदन सिंह पहले भी शहर में व्यापारी और डॉक्टरों को रंगदारी भरा पत्र भेज चुका है। पुलिस सूत्रों की मानें तो एक व्यापारी ने चार महीने पहले रंगदारी की रकम दे भी दी थी। बाद में एक आला पुलिस अफसर से मुलाकात कर उन्होंने शिकायत की थी तो पुलिस ने जांच शुरू की लेकिन केस दर्ज न होने से जांच ठंडे बस्ते में चली गई। एक बार फिर डॉक्टर से रंगदारी मांगने पर चंदन सुर्खियों में आया है। पुलिस ने इस बार केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और एसपी सिटी का दावा है कि जल्द पूरे घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
दो बार गोरखपुर पेशी में आया चंदन
एक सप्ताह के भीतर चंदन को बदायूं जेल से दो बार गोरखपुर पेशी पर लाया जा चुका है। रंगदारी मांगने के दो मामलों में बुधवार को गोरखपुर में उसकी पेशी थी। इससे पहले एक जुलाई को भी उसे रंगदारी मांगने के ही मामले में पेशी पर गोरखपुर लाया गया था। डॉक्टर को भेजी गई धमकी भरी चिट्ठी एक जुलाई को ही रजिस्ट्री की गई थी।
...
चंदन पर दर्ज हैं 39 मुकदमे
चंदन सिंह पर गोरखपुर, कुशीनगर, महराजगंज, बाराबंकी सहित कई जिलों में हत्या, लूट और रंगदारी मांगने के 39 मुकदमे दर्ज हैं। हत्या के एक मामले में उसको आजीवन कारावास की सजा भी हो चुकी है। हत्या व लूट के मामले में बाराबंकी में 2016 में उसे गिरफ्तार किया गया था। जेल के अंदर से ही फोन कर गोरखपुर के व्यवसायियों, डाक्टरों से रंगदारी मांगने की शिकायत पर उसको पहले लखनऊ और बाद में बदायूं जेल भेज दिया गया। इस समय वह बदायूं जेल में बंद है।
...
दो बार पुलिस अभिरक्षा से फरार हो चुका है चंदन
शातिर बदमाश चंदन सिंह दो बार पुलिस अभिरक्षा से फरार भी हो चुका है। 12 अगस्त 2013 को संतकबीरनगर में पेशी से देवरिया जेल लौटते समय देवरिया जिले में बैतालपुर के पास चलती ट्रेन से कूद कर फरार हो गया था। इसके बाद 17 जुलाई 2014 को बाराबंकी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। वहां से उसे बदायूं जेल भेजा गया। वहां से इलाज के बहाने आगरा मेडिकल कालेज में भर्ती हुआ, फिर सुरक्षा में लगे सिपाहियों को झांसा देकर 31 मई 2016 को फरार हो गया था। कुछ माह बाद उसे गुजरात से गिरफ्तार किया गया।