गोरखपुर। मोबाइल फोन लूट और चोरी के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने सात घटनाओं का पर्दाफाश किया। गोरखनाथ पुलिस ने लूट, चोरी के पांच मोबाइल फोन, बाइक के साथ तीन आरोपियों को धर्मशाला के पास से गिरफ्तार किया। वहीं शाहपुर पुलिस ने तीन युवकों को रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर नौ के पास से पकड़कर उनके कब्जे से चोरी के घरेलू सामान को बरामद किया। सभी आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसपी क्राइम अशोक कुमार वर्मा और सीओ क्राइम प्रवीण सिंह ने पुलिस लाइंस में बताया कि सर्विलांस प्रभारी और धर्मशाला चौकी प्रभारी की टीम को ओवरब्रिज के पास बदमाशों के होने की जानकारी मिली। पुलिस धर्मशाला पुल के पास पहुंची और बाइक पर जा रहे तीन युवकों को दबोच लिया। बाइक चोरी की थी। बदमाशों के पास मिले बरामद मोबाइल भी लूट और चोरी के हैं। बदमाशों की पहचान तिवारीपुर के सूर्य विहार कॉलोनी निवासी पिंटू जायसवाल, गोरखनाथ के रसूलपुर निवासी आदिल और गोरखनाथ इलाके के रहने वाले राहुल यादव के रूप में हुई। उनके पास से पांच हजार रुपये भी बरामद हुए।
दूसरी ओर चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों के मोहद्दीपुर रेलवे लाइन के किनारे से गुजरने की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस ने प्लेटफार्म नंबर नौ के पास बाउंड्रीवाल के पीछे छिपे तीनों बदमाशों को पकड़ लिया। तीनों के पास से घरेलू सामान, गहने बरामद हुए। बदमाशों की पहचान शाहपुर के पीएसी कैंप के भोला मौर्या, मोहद्दीपुर के करन राणा, पीएसी कैंप के पास रहने वाले राहुल शर्मा के रूप में हुई है।