गोरखपुर। राजघाट के पांडेयहाता में रहने वाले रिटायर शिक्षक शैल कुमार पांडेय की बेटी रश्मि (35) की घर में ही गले पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। घरवालों के मुताबिक वारदात के समय वह घर पर अकेली थी। सूचना पर एसपी सिटी विनय कुमार सिंह, सीओ कोतवाली बीपी सिंह फोरेंसिक टीम और खोजी कुत्ते के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस भाई से पूछताछ कर रही है।
रश्मि करीब तीन साल से पति रविंद्र दुबे से अलग मायके में ही रहती थी। शनिवार की रात मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस को रश्मि के गले पर गहरे घाव के निशान और कमरे में खून के धब्बे मिले और शव को पोस्टमार्टम भेजा गया। भाई रत्नेश ने बताया कि पिता धार्मिक कार्यक्रम में गए थे और वह किसी काम से बाहर गया था। मां की 2014 में ही मौत हो चुकी है। रात 8:30 बजे घर लौटा तो सोफे पर बहन की लाश थी।
चल रही थी टीवी
भाई के मुताबिक जब वह कमरे में दाखिल हुए तो फर्श पर खून पसरा हुआ था। टीवी ऑन थी और सब्जी आधा कटी हुई थी।