चिलुवाताल। जमीन विवाद पर मंगलवार सुबह दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दस लोग घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों तरफ के लोगों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
चिलुआताल इलाके के मीरपुर गांव में परमहंस व विजय बहादुर के बीच जमीन के लिए विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कुछ दिन पहले जमीन की पैमाइश कराई गई थी। मंगलवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। लाठी, डंडा चलने से एक पक्ष के रामानंद, सुभाष, इंद्रेश, राकेश, सुमित्रा और दूसरे पक्ष के दीपक, विजय बहादुर, जंगबहादुर व दो महिलाएं घायल हो गईं। किसी ने विवाद की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पहुंची चिलुआताल पुलिस मामले की जांच कर रही है।