गोरखपुर। हरपुरबुदहट इलाके में मारपीट और फायरिंग मामले में सोमवार को आरोपी का भाई एसएसपी से मिलकर दूसरे पक्ष पर केस दर्ज कराने की तहरीर देने पहुंचा। बताया कि एसओ ने मिलने की सलाह दी है। यह सुनते ही एसएसपी का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। फौरन उन्होंने एसओ को फोन लगाकर कहा कि आरोपी गांव से बाहर गए कैसे, तुम्हें सस्पेंड करूं या जिनकी ड्यूटी तुमने लगाई है उन सिपाहियों को हटा दूं। एसएसपी ने एसओ से आरोपियों को फौरन गिरफ्तार करने को कहा।
सोमवार को एसएसपी फरियादियों से रूबरू थे। इसी बीच क्रास केस कराने एक युवक पहुंचा और उसने एसएसपी को तहरीर दे दी। तहरीर पढ़ते ही एसएसपी के तेवर तल्ख हो गए। उन्होंने फरियादी से पूछा कि तुम यहां कैसे आए हो? युवक ने बताया कि एसओ ने कहा है कि क्रास एफआईआर के लिए आपसे मिलूं। एसएसपी ने फोन मिलाकर एसओ से पूछा, तुम्हारे रहते गोली चलाने वाले फरार कैसे हो गए। एसओ ने सफाई देते हुए बताया कि गांव में दो सिपाही की ड्यूटी लगाई गई थी। यह सुनते ही एसएसपी ने कहा कि कामकाज का तरीका बदल दो, तुम बहुत दूर हो, लगता है शहर बुलाना पड़ेगा। मुझे जल्द गिरफ्तारी कर रिपोर्ट करो।
एक दिन पहले पोल के विवाद में चली थी गोली
रविवार की शाम हरपुरबुदहट के कसिहरा में बिजली का पोल उखाड़ने को लेकर सूर्यदेव सिंह और गंगा सिंह के पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए थे। गंगा सिंह के पक्ष की ओर से चली गोली में सूर्यदेव सिंह घायल हो गए। सूर्यदेव सिंह के पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। फायरिंग का आरोपी फरार हो गया। सोमवार को गंगा सिंह पक्ष के लोग एसएसपी से मिलने पहुंचे थे।
कानून हाथ में लेने वालों से पुलिस सख्ती से पेश आएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। जो भी अराजकता फैलाएगा उसे जेल भेजा जाएगा।
- सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी