गोरखपुर। टेल्हनापार में टेंपो का पहिया चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा गया चोर बुधवार को चौरीचौरा थाना परिसर में खड़ी पीआरवी से कूद कर फरार हो गया। इस सूचना से महकमे में हड़कंप मच गया। लापरवाही उजागर होते ही पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।
चौरीचौरा प्रतिनिधि ने बताया कि आरोपी टेल्हनापार निवासी सुग्रीव के दरवाजे पर खड़ी टेंपो का पहिया खोल रहा था, मगर लोगों ने उसे रंगे हाथ पकड़ा लिया और उसकी पिटाई कर उसे पुलिस को सौंप दिया। सूचना पर पहुंची पीआरवी आरोपी को हिरासत में लेकर चौरीचौरा थाने पहुंची। परिसर में गाड़ी खड़ी कर पीआरवी प्रभारी कार्यालय में चले गए, जबकि चालक, एक अन्य पुलिसकर्मी चोर के साथ गाड़ी में मौजूद थे, मगर दोनों पुलिसकर्मियों को चकमा देकर वह गाड़ी से कूद कर फरार हो गया। पीछे पीआरवी के सिपाही दौड़े लेकिन कामयाब नहीं हो सके। एसओ ने कहा कि आरोपी की पहचान हो चुकी है। उसकी जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
चोरी करते पकड़ा गया युवक
खोराबार। बेलवार गांव के चपवन टोले में सोमवार रात सेंधमारी करते युवक पकड़ा गया। पुलिस ने उनके पास से चोरी का सामान बरामद किया है।
इलाके के चपवन टोले में रात को चोरों ने सीताराम पासी और मुनीब के घर में सेंधमारी की। इसके बार वे थोड़ी दूर पर रामसूरत की दुकान का ताला तोड़ रहे थे। इसी बीच रामसूरत की आंखें खुल गईं। उन्होंने एक चोर को पकड़ लिया। आरोपी के पास से दोनों घरों में हुई चोरी का सामान बरामद हुआ है। पुलिस फरार चोर की तलाश कर रही है। वहीं इलाके के रायगंज में एलआईसी एजेंट ध्रुव गुप्ता की मकान का ताला तोड़कर चोर नगदी सहित दो लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। घटना की रात ध्रुव परिवार के साथ छत पर सो रहे थे।