पीपीगंज। प्रॉपर्टी डीलर अशोक गुप्ता को गोली मारने वाले आरोपियों की धरपकड़ में जुटी पुलिस को 24 घंटे बीतने के बाद भी कोई सुराग हाथ नहीं लगे हैं। घरवालों की ओर से तहरीर न न दिए जाने से मुकदमा भी दर्ज नहीं हो सका है। सोमवार को बयान दर्ज करने पीपीगंज पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची लेकिन प्रॉपर्टी डीलर के बेहोश होने से पूछताछ नहीं हो सकी।
इलेक्ट्रॉनिक की दुकान के मालिक अशोक यहीं से प्रॉपर्टी डीलिंग भी करते हैं। रविवार रात साढ़े आठ बजे के करीब वह बाइक से घर लौटे ही थे और घर के बाहर ही बाइक खड़ी कर वह मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे, तभी पीछे से आए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। गोली अशोक के कमर में जा धंसीं। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने अशोक को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। उधर, पुलिस पारिवारिक विवाद और जमीनी रंजिश को केंद्र में रखकर जांच कर रही है। एसओ सौरभ राय ने बताया कि घरवालों ने किसी से दुश्मनी होने से इंकार किया है। मेडिकल कॉलेज में भी अशोक से पूछताछ नहीं हो सकी है।