बेलघाट इलाके में एक युवती ने लोकलाज भय से नवजात को पोखरे में फेंक दिया। शव को देखकर गांव वालों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूछताछ में युवती ने एक अधेड़ पर शादी का झांसा देकर रेप का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बेलघाट प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र का रहने वाला पीर मुहम्मद (45) गांव के एक व्यक्ति के यहां आसरा लेकर रहता था। मजदूरी कर जीविका चलाने वाले पीर मुहम्मद ने आसरा देने वाले व्यक्ति की 17 वर्षीय बेटी को शादी का झांसा देकर उससे रेप किया, मगर गर्भ ठहरने पर उसे टालता रहा। जानकारी होने पर घर वाले लोकलाज के भय से चुप रहे। शनिवार की सुबह युवती ने घर पर बच्चे को जन्म दिया, जिसे उसकी मां ने गांव के बाहर पोखरे में फेंक दिया। इसकी जानकारी होने पर लोगों ने सूचना बेलघाट पुलिस को दी।
मौके पर पहुंचे एसओ ने नवजात का शव कब्जे में लेकर युवती की मां से पूछताछ की तो उसने घटना की जानकारी दी। युवती ने पीर मुहम्मद पर झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। परिवार वालों ने बताया कि बच्चा मृत पैदा हुआ था। आरोपी के खिलाफ रेप का केस दर्ज कर पुलिस ने रविवार की दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एसओ बेलघाट सौरभ राय ने बताया कि बच्चा मरा हुआ पैदा हुआ था या पोखरे में डूबने से उसकी मौत हुई है पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा।