चौकीदार का हाथ-पैर बांधकर बदमाशों ने सरिया लूटा
रहीमाबाद के पास फोरलेन किनारे दुकान पर शुक्रवार की रात हुई वारदात
बदमाशों ने चौकीदार को झाड़ियों में फेंक दिया था, पुलिस ने की पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
सहजनवां। सहजनवां इलाके के रहीमाबाद में फोरलेन पर स्थित दुकान के चौकीदार को शुक्रवार की देर रात पीटकर और हाथ-पैर बांध झाड़ियों में फेंकने के बाद बदमाश 30 क्विंटल सरिया लूट ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने चौकीदार से पूछताछ की।
चिलुआताल के डोहरिया निवासी संदीप गुप्ता की सहजनवां के रहीमाबाद में फोरलेन के किनारे दुकान और उससे कुछ दूरी पर गोदाम है। शुक्रवार की देर शाम को दुकान बंद कर संदीप गुप्ता घर चले गए। दुकान के बाहर सरिया और अन्य सामान की रखवाली के लिए उन्होंने दो चौकीदार कमलेश और पप्पू को रखा है। दुकान के बाहर कमलेश सोया था। पप्पू गोदाम में सोया था। रात में 12 से एक बजे के बीच तीन बदमाश आए और दुकान के सामने चौकीदार कमलेश की जमकर पिटाई की। जब वह बेहोश हो गया तब बदमाशों ने उसके हाथ-पैर बांध कर बगल में झाड़ी में फेंक दिया।
उसके बाद दुकान के सामने से करीब 30 क्विंटल सरिया वाहन में लाद कर फरार हो गए। होश में आने के बाद कमलेश ने खुद को बंधन मुक्त करने के बाद गोदाम में सो रहे चौकीदार पप्पू को घटना की जानकारी दी। रात में ही दोनों ने संदीप को सूचना दी। दुकान पर पहुंचने के बाद संदीप ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसवालों ने घायल कमलेश का उपचार कराया और बाद में पूछताछ के लिए उसे अपने साथ ले गए। इंस्पेक्टर अजय सिंह ने बताया कि कमलेश से पूछताछ की जा रही है।