खजनी पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे तीन तस्करों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पुलिस ने तीनों के पास से चार पशु, तमंचा, कारतूस, चाकू बरामद किया। दूसरी ओर सिकरीगंज पुलिस ने तीन तस्करों को पकड़ा। उनके ट्रक में बीस पशु थे, जिनमें से चार की मौत हो गई थी। दोनों ही मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
उनवल प्रतिनिधि के मुताबिक मंगलवार की रात साढ़े ग्यारह बजे मुखबिर की सूचना पर एसओ खजनी आशुतोष सिंह सहयोगियों के साथ चेकिंग कर रहे थे। तभी एक ट्रक को पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो अंदर बैठे तस्करों में से एक ने फायरिंग कर दी। उसके बाद तस्करों ने ट्रक की स्पीड बढ़ा दी। खजनी पुलिस ने इसकी सूचना उरूवा पुलिस को दी। फिर उरूवा पुलिस घेराबंदी की। तस्कर बैरीकेटिंग तोड़कर भागने लगे।
सूचना पर बड़हलगंज पुलिस ने भी घेराबंदी शुरू कर दी थी। तीनों थानों की फोर्स ने घेराबंदी कर तस्करों को पकड़ लिया। तस्करों की पहचान संतकबीरनगर के दुधारा, लोहरौली निवासी कैलाश, नंदौरी निवासी समसुद्दीन, बखिरा निवासी शफीक के रूप में हुई। तीनों के खिलाफ पुलिस ने हत्या की कोशिश, 7 सीएलए, क्षति पहुंचाने और पशु क्रूरता के तहत केस दर्ज कर लिया है।
सिकरीगंज प्रतिनिधि के मुताबिक बनकटा चौराहे के पास से मंगलवार की रात डेढ़ बजे पुलिस ने 20 पशुओं को लादे ट्रक को पकड़ा। ट्रक के साथ जा रहे कार सवार तीन तस्करों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पशु तस्करी में पकड़े गए आरोपियों की पहचान आजमगढ़ के बिलारियागंज निवासी आजम, हंजला, वसीउल्लाह के रूप में हुई। पुलिस ने तस्करों के खिलाफ पशु क्रूरता का केस दर्ज कर लिया।