गोरखपुर। बड़हलगंज के साऊंखोर के पास से सुपारी से भरे लूटे गए दो ट्रकों में से एक को पुलिस ने बरामद कर लिया है। खाली ट्रक फैजाबाद के पास मिला। पुलिस के अनुसार इस ट्रक को किसी टोल प्लाजा होते हुए नहीं ले जाया गया। लुटेरों ने ट्रक को वहां तक ले जाने के लिए कच्चे और लिंक रास्तों का इस्तेमाल किया है। इससे पुलिस को अंदेशा है कि आसपास के बदमाशों ने ही इस घटना को अंजाम दिया है।
ट्रक पर कई जंगली पत्ते लगे हुए थे। पुलिस के अनुसार हाइवे और कच्चे रास्तों पर पर ट्रक की तलाश में पुलिस टीम निकली थी। उसी टीम ने ट्रक को बरामद किया है। पुलिस की दो टीम बिहार और वाराणसी रोड पर जौनपुर के हाईवे लुटेरों की तलाश में पहले से ही लगी हुई हैं। वहीं दो अन्य टीम बस्ती और गोंडा गई थी। क्राइम ब्रांच ने पूर्व में हुई लूटों में शामिल कई लोगों को हिरासत में लिया है।
असम से नागपुर जा रहे दो ट्रकों को बीते सोमवार को साऊंखोर में स्कार्पियो सवार बदमाशों ने चेकिंग के बहाने रोका था। कागजात में कमी बताते हुए वे दोनों ट्रकों को लेकर कुछ दूर गए, फिर चालक, खलासी को बंधक बना लिया था। हाईवे पर चार घंटे घुमाने के बाद रात करीब 1:45 बजे एक ट्रक के चालक, खलासी को रामनगर कड़जहां और दूसरे के चालक और खलासी को बाघागाड़ा के पास उतारकर बदमाश फरार हो गए थे।