गोरखपुर। कोतवाली के साहबगंज स्थित मेयर सीताराम जायसवाल की अनिल एजेंसी नाम की दुकान में बृहस्पतिवार की सुबह 11:30 बजे के करीब चार बदमाशों ने लूट की कोशिश की। कर्मचारियों की सतर्कता से एक बदमाश पकड़ लिया गया। उसके तीन साथी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। मौके पर मिली बाइक बदमाशों की बताई जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
राजघाट इलाके के मिर्जापुर निवासी जगदीश जायसवाल के मुताबिक सुबह वह दुकान खोलकर काम कर रहे थे। उसी दौरान दो बाइक पर सवार चार लोग आए और दुकान के सामने स्थित गुमटी में चाय पीये। फिर दो बदमाश हेलमेट लगाकर दुकान के अंदर दाखिल हो गए और कर्मचारी जगदीश को नशीला पदार्थ सुंघाने की कोशिश की। जगदीश के शोर मचाने पर कर्मचारी राहुल गुप्ता, दीपू गुप्ता, रमाकांत निषाद भी आ गए और एक बदमाश को पकड़ लिया। आसपास के लोग भी आए, मगर तीन बदमाश भाग गए। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपी की पहचान राप्तीनगर के हनुमान पांडेय के रूप में हुई है। सीओ कोतवाली बीपी सिंह ने बताया कि फरार बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आरोपी कपड़े का दुकानदार
पकड़े गए आरोपी हनुमान पांडेय की राप्तीनगर में कपड़े की दुकान है। हनुमान के मुताबिक उसके साथी उसे लेकर आए थे। उसने खुद घटना का विरोध किया। पुलिस मामले की छानबीन कर आरोपियों की तलाश कर रही है। हनुमान ने अपने साथियों का नाम बताया है। उनके पकड़े जाने के बाद ही सचाई सामने आएगी।