गोरखपुर।
प्रॉपर्टी डीलर संजय यादव हत्याकांड में माफिया विनोद उपाध्याय के कहने पर विवेचना में हेराफेरी करने वाले विवेचक के बर्खास्तगी की तैयारी तेज कर दी गई है। दरोगा के खिलाफ एसएसपी के आदेश पर पहले ही केस दर्ज है। पुलिस सूत्रों की माने तो कभी भी दरोगा की गिरफ्तारी हो सकती है। उधर, पुलिस दरोगा के एक-एक आरोपों की फेहरिस्त तैयार कर बर्खास्तगी की फाइल तैयार कर रही है। जल्द ही फाइल शासन को भेजी जाएगी।
संजय हत्याकांड के विवेचना के दौरान ही वादी दीपक यादव के मोबाइल फोन से विवेचक ने विनोद उपाध्याय से बातचीत की थी। आरोप है कि विवेचना में दरोगा ने विनोद के कहने पर उसके कई दुश्मनों को फंसाया था। शिकायत के आधार पर एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने एसटीएफ से जांच कराई थी। रिपोर्ट आने के बाद विवेचक के खिलाफ थाने में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। अब एसएसपी माफिया के साथी विवेचक के बर्खास्तगी की सिफारिश करने की तैयारी में है। इसके लिए उसकी फाइलें पुलिस तैयार कर रही है। जल्द ही फाइल को शासन में भेजकर बर्खास्त करने की सिफारिश की जाएगी। हालांकि इस पर एसएसपी सीधे तौर पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। उनका कहना है कि दर्ज केस की जांच की जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई होगी।