गोरखपुर।
बड़हलगंज के डॉ. मनोज यादव से रंगदारी मांगे जाने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार लोगों के पास से पुलिस ने मोबाइल फोन और रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए सिम को बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कई और लोगों के भी नाम सामने आए हैं। जांच की जा रही है।
डॉ. मनोज यादव के मोबाइल पर 28 सितंबर को फोन आया था। फोन करने वाले ने कुख्यात बदमाश चंदन सिंह के नाम पर रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की तो पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने शनिवार को नौसड़ चौराहे के पास से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस ने पूछताछ की तो उन्होंने दो लोगों से रंगदारी मांगने की बात स्वीकार की। बताया कि डॉक्टर के अलावा जालसाज ललकू यादव से भी रंगदारी मांगी थी, लेकिन ललकू ने थाने जाकर शिकायत नहीं की, क्योंकि कई मामलों में खुद ही वांछित है। गिरफ्तार लोगों की पहचान मऊ कसिहारी बुजुर्ग निवासी उमंग शाही, जीयनपुर निवासी हरिनाथ, आजमगढ़ के अजमतगढ़ निवासी जगरनाथ, नेदुआ, बड़हलगंज निवासी विनोद यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने मोबाइल और सिम बरामद कर चारों को जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर गोपाल त्रिपाठी ने बताया कि मामले में अभी कई और लोग के नाम भी सामने आए हैं, जांच की जा रही है।