बेलघाट (गोरखपुर)।
भरसी गांव के चौड़िया टोले में श्रवण बेलदार (19) की जहर खाने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने मां और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस के समक्ष न सिर्फ गांव वालों ने मां और उसके प्रेमी पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया बल्कि युवक के चाचा ने भी दोनों पर जहर देकर श्रवण की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों ने प्रेमी को जमकर पीटा भी है। इससे उसका चेहरा सूज आया है। आंखों के आसपास काला निशान पड़ गया है।
चौड़िया मशान टोला निवासी दुर्गावती (45) के पति तूफानी बेलदार की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। बताया जाता है कि इसके बाद उसका संबंध पड़ोसी झीनक से हो गया। इसकी चर्चा बहुत दिनों से गांव में थी। बृहस्पतिवार की रात मजदूरी करने वाला दुर्गावती का 19 वर्षीय बेटा श्रवण बेलदार जब घर पहुंचा तो उसने मां और प्रेमी आपत्तिजनक हाल में देख लिया। इसके बाद मौके पर उनमें जमकर मारपीट भी हुई। इसके बाद दूसरे दिन शुक्रवार की सुबह श्रवण की लाश मिली। उसके मुंह से झाग निकल रहा था जिससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि जहर खाने से उसकी मौत हुई है। मृतक के चाचा श्रीबेलदार ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि दुर्गावती का झीनक से अवैध संबंध है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों ने मिलकर जहर देकर श्रवण की हत्या की है। पुलिस ने चाचा से दूसरी तहरीर लेकर मां और उसके प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।