कैंपियरगंज। इलाके के बजही गांव में ससुराल आए युवक ने गर्भवती पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर गांववालों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी बाइक से फरार हो गया। घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। सास की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है।
कैंपियरगंज इलाके के बजही गांव निवासी पलटू ने अपनी बेटी सुमन (23) की शादी महराजगंज के पनियरा निवासी जयकार के साथ की है। सुमन गर्भवती है और तीन महीने से मायके में है। सोमवार को जयकार बाइक से पंडितपुर स्थित गौरीशंकर मंदिर पहुंचा। पूजापाठ के बाद वह अपराह्न तीन बजे ससुराल पहुंचा और सुमन को ले जाने लगा। पत्नी ने कहा कि माता-पिता घर पर नहीं हैं, उनके आने के बाद ही वह जाने पर विचार करेगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि जयकार ने पत्नी के गले पर चाकू से वार कर दिया। महिला के शोर मचाने पर गांव के लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह फरार हो गया। थोड़ी देर बाद सुमन की मां नेबूला देवी भी पहुंच गईं। उन्होंने थाने में दामाद के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी जयकार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसओ का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।